न्यूज डेस्क: यह बड़ी ख़बर है। प्यार मोहब्बत की कहानी है। तो जानिए इस खबर को।गिरिडीह और धनबाद के बीच सामने आई एक अनोखी प्रेम कहानी ने हर किसी को हैरान कर दिया है। पहले गिरिडीह में शादीशुदा प्रेमी अपनी प्रेमिका से मिलने और शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया।फिर अगले ही दिन, उसी प्रेमी से मिलने की जिद में प्रेमिका भी धनबाद के गोमो में मोबाइल टावर पर चढ़ गई।दोनों की ख्वाहिश एक ही है, हर हाल में साथ रहना।
धनबाद का रहने वाला सुनील महतो, जो पहले से शादीशुदा है और गिरिडीह जिले के नवाडीह पंचायत के सहरिया गांव की 20 वर्षीय देवंती के बीच प्रेम संबंध काफी समय से चल रहा था। शनिवार को सुनील अपनी प्रेमिका देवंती से मिलने और उससे शादी करने की जिद में गिरिडीह के निमियाघाट स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। लगभग सात घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा और थाने ले जाया गया।
अब आगे किस्सा बाकी है। क्योंकि यह कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। रविवार को प्रेमी से मिलने और उसे थाने से छुड़ाकर शादी करने की जिद में देवंती धनबाद जिले के हरिहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोमो में एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई।टावर पर चढ़ी युवती को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इसकी सूचना मिलते ही हरिहरपुर थाना प्रभारी अंकित सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।घंटों तक समझाने-बुझाने के बाद भी युवती नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।वह बार-बार यही कहती रही – “मुझे सुनील से मिलवा दीजिए, मैं उसी से शादी करूंगी.” आखिरकार पुलिस ने प्रेमी से मिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद देवंती टावर से नीचे उतरी।
थाना प्रभारी अंकित सिन्हा ने बताया कि युवती धनबाद निवासी सुनील महतो से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती है। हालांकि सुनील पहले से विवाहित है। मामले में युवक के परिजनों को बुलाया गया है और बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






