रांची-संसद के शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेने के बाद रांची लौटे झारखंड बीजेपी के वरिष्ठ नेता महामंत्री और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है.उन्होंने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस शीतकालीन सत्र में कुछ चीजें दुर्भाग्यपूर्ण हुई हैं.कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए प्रदीप वर्मा ने कहा कि बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को कभी कांग्रेस ने सम्मान नहीं दिया.
उन्हें चुनाव में हारने का प्रयास तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू ने किया था और आज वह डॉ भीमराव अंबेडकर के सबसे बड़ी हितैषी बनने का स्वांग रच रही है.उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की घटना संसद परिसर में हुई वह शर्मनाक है.संविधान पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जो बयान दिया उसे तोड़ मरोड़ कर विपक्ष के लोगों ने पेश किया और ऐसा माहौल बनाने का प्रयास किया गया जैसे कि कांग्रेस सबसे बड़ी अंबेडकरवादी है.
राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने आगे कहा कि डॉ अंबेडकर को भाजपा ने हमेशा सम्मान दिया है.उनके सपनों को पूरा करने के लिए केंद्र की मोदी सरकार हमेशा प्रयासरत रही है.आज देश में कांग्रेस जनता की नजर में सवालों के घेरे में है. भीमराव अंबेडकर के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, इसका यह उदाहरण है कि वह दुखी होकर प्रताड़ित होकर नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिए.उस समय पंडित नेहरू ने कहा था कि मंत्रिमंडल से डॉ भीमराव अंबेडकर के निकल जाने से किसी प्रकार का प्रभाव नहीं पड़ेगा.












