अंतिम चरण :राजमहल, गोड्डा और दुमका सीट पर मतदान जारी,दिख रहा रोचक मुकाबला
रांची/नई दिल्ली : 2024 के लोकसभा चुनाव का आज अंतिम दिन है.7 चरणों में होने वाले चुनाव का यह सातवां चरण है.लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में झारखंड की तीन लोकसभा सीट पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है.दुमका,गोड्डा और राजमहल सीट पर मतदाताओं की कतार देखी जा रही है.खास कर ग्रामीण इलाकों में भीड़ अधिक है. लोकतंत्र के पर्व में हर कोई बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहा है. शहरी मतदाताओं के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है संथाल परगना क्षेत्र में मौसम खुशनुमा है.
राजमहल सीट लोकसभा सीट के गोपीकांदर में भी लोगों की भीड़ मतदान केंद्र पर दिख रही है.महिला पुरुष सभी कतार में होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे है. नए मतदाताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है.
18 वीं लोकसभा के लिए हो रहे आम चुनाव के लिए इस चरण में पूरे देश में 57 लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है.यह मतदान दिन पर चलेगा यानी शाम 5 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे.इस चरण में कई प्रमुख लोगों के भाग्य का फैसला होना है.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी, भाजपा नेत्री और अभिनेत्री कंगना रनौत मंडी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं.इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बैनर्जी,लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती,रामकृपाल यादव, रवि शंकर प्रसाद प्रमुख प्रत्याशी हैं.
झारखंड में गोड्डा लोकसभा सीट पर निशिकांत दुबे का मुकाबला कांग्रेस के प्रदीप यादव से है.इस लोकसभा क्षेत्र में आमने-सामने का मुकाबला है.दुमका लोकसभा सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा से सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन का मुकाबला सीधे झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ विधायक नलिन सोरेन से है.वहीं राजमहल लोकसभा सीट पर भी भाजपा के ताला मरांडी का मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा के विजय हांसदा से है.यहां पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के बागी विधायक लोबिन हेंब्रम भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं.












