रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक और RIMS बनाने की दिशा में हेमंत सरकार आगे बढ़ी है। कैबिनेट से इसकी मंजूरी मिल गई है। स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी काफी खुश हैं।
आज यानी दो जुलाई को कैबिनेट द्वारा रिम्स-2 परियोजना को मंजूरी देते हुए ₹41,89,41,26,604 (₹4,189 करोड़ 41 लाख 26 हजार 604) की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में आज तक के सबसे बड़े और ऐतिहासिक फैसलों में से एक है।
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए झारखंड के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनहित के प्रति समर्पण के कारण वर्षों पुराना सपना आज साकार होने की दिशा में आगे बढ़ा है।
डॉ. इरफ़ान अंसारी ने कहा कि वे पिछले लगभग एक वर्ष से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत थे। एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के सहयोग से इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए अनेक स्तरों पर लगातार संवाद, योजना और समन्वय किया गया। इस दौरान विपक्ष, विशेषकर भाजपा द्वारा जनता को भ्रमित करने और इस जनहितकारी योजना पर राजनीति करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हर कदम पर चट्टान की तरह साथ खड़े रहे और अंततः जनता की जीत हुई। अब रिम्स 2 का सपना साकार होगा।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक अस्पताल का निर्माण नहीं, बल्कि झारखंड को स्वास्थ्य सेवाओं में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी पहल है। रिम्स-2 के निर्माण से राज्य के मरीजों को बेहतर एवं अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ मिलेंगी, गंभीर रोगियों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी, सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार होगा तथा एमबीबीएस, पीजी और सुपर स्पेशियलिटी सीटों में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह परियोजना दिवंगत दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन के उस सपने को साकार करेगी, जिसमें झारखंड स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो। रिम्स-2 पूर्वी भारत के प्रमुख चिकित्सा, शिक्षा एवं अनुसंधान केंद्र के रूप में स्थापित होगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा चिकित्सा शिक्षा और शोध को नई दिशा मिलेगी। सरकार नगड़ी में रिम्स 2 बनाने का काम शुरू करेगी।
डॉ. इरफान अंसारी ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि में योगदान देने के लिए मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को भी बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में नया इतिहास लिख रही है और आने वाले वर्षों में इसका लाभ राज्य के प्रत्येक नागरिक तक पहुँचेगा। झारखंड में स्वास्थ्य सेवा राष्ट्रीय स्तर की होगी।
#RIMS2 #IrfanAnsari #Bjp













