रांची : यह झारखंड खासकर रांची के लोगों के लिए गर्व की बात है। यहां के एक सपूत ने उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान पाया है।4 जनवरी को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अर्पित फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित प्राइड मोमेंट्स सम्मान समारोह में रांची निवासी सहायक कमांडेंट शिवम कुमार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह के मौके पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल , पीठाधीश्वर आचार्य कैलाशानंद जी महाराज,SSB के उप महानिरीक्षक डी. एन. भोंबे एवं उप महानिरीक्षक सुधांशु नौटियाल सहित अन्य वरीय पदाधिकारी भी मौजूद थे।
शिवम अभी काउंटर-इंसर्जेंसी एंड जंगल वॉरफेयर (CI&JW) स्कूल, सशस्त्र सीमा बल, ग्वालदम में पदस्थापित हैं ।सहायक कमांडेंट शिवम कुमार को यह सम्मान पिछले दो वर्षों के दौरान उत्तराखंड में एक कुशल एवं अनुशासित प्रशिक्षक के रूप में दी गई उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।
शिवम कुमार वर्तमान में CI&JW स्कूल में कमांडो एवं विस्फोटक निष्क्रियता प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है तथा बड़ी संख्या में जवानों को कठिन एवं विशेष परिस्थितियों के लिए प्रशिक्षित किया है।
उल्लेखनीय है कि सहायक कमांडेंट शिवम कुमार को उनकी वीरता, साहस और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक एवं गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा उनके साहसिक कार्य एवं अदम्य साहस हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
इसके अतिरिक्त, 22 नवंबर 2025 को झारखंड विधान सभा स्थापना दिवस (रजत जयंती ) समारोह के अवसर पर उन्हें उनकी बहादुरी और अदम्य साहस के लिए झारखंड के राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं झारखंड विधान सभा अध्यक्ष द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया था।सहायक कमांडेंट शिवम् कुमार झारखंड विधानसभा के रिटायर्ड संयुक सचिव मिथिलेश कुमार मिश्र सचिव के पुत्र हैं।














