रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद से पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं में निराशा जरूर देखी जा रही है. लेकिन पार्टी का यह प्रयास है कि सभी कार्यकर्ताओं को व्यस्त रखा जाए. वैसे कई कार्यक्रम तो अलग-अलग चलते ही रहे थे.लेकिन संगठन का चुनाव भी झारखंड में लंबित था. इसके माध्यम से भी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास हो रहा है. सदस्यता अभियान अपने चरम पर है.उसके बाद संगठन का चुनाव होगा. इसकी घोषणा हो गई है. इसका स्वरूप भी तय हो गया है.
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज संगठन महापर्व के तहत आगामी संगठनात्मक चुनावों को लेकर प्रदेश एवं जिला टोली की कार्यशाला आयोजित हुई. कार्यशाला की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने की और बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सह चुनाव अधिकारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सांसद संबित पात्रा शामिल हुए. कार्यशाला में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी,प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ,प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह ,वरिष्ठ नेता विधायक सीपी सिंह सहित संगठन चुनाव केलिए गठित प्रदेश एवं जिला की टोली शामिल हुई.

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी का सांगठनिक सदस्यता अभियान और सांगठनिक चुनाव एक महापर्व है जिसे हम स्वस्थ और प्रसन्नता के वातावरण में उत्सव की तरह मनाना है.

बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव की व्यस्तता के बाद प्रदेश में पार्टी ऑनलाइन सदस्यता अभियान चला रही है जिसमें लोग बढ़चढकर शामिल हो रहे. उन्होंने कहा कि संगठन महापर्व के तहत हम सभी को मिलकर सर्व स्पर्शी भाजपा बनाना है.
इस कार्यशाला के लिए विशेष रूप से आए राष्ट्रीय चुनाव सह अधिकारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सांसद संबित पात्रा ने कार्यशाला में सांगठनिक चुनाव की बारीकियों और प्रक्रियाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला.
उन्होंने कहा कि भाजपा आंतरिक और बाह्य दोनो लोकतंत्र में विश्वास करती है.इसलिए संगठन की चुनाव प्रक्रिया भी लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न करानी है. कहा कि झारखंड भाजपा की मजबूत भूमि है. भाजपा की सरकार ने ही अटल जी के नेतृत्व में अलग राज्य का सपना साकार किया.हमें मजबूत जनाधार को और आगे बढ़ाना है.
कहा कि भाजपा महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दे रही है.
उन्होंने बूथ से लेकर मंडल, जिला और प्रदेश स्तर की चुनाव प्रक्रिया पर प्रकाश डाला
*क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी* ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सिर्फ चुनाव केलिए संगठन नहीं बनाती बल्कि हमें राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है.
कहा कि भारत को राष्ट्र विरोधी शक्तियां कमजोर देखना चाहती है।जिनके मंसूबों को हमें ध्वस्त करना है।हमें गांव गांव बूथ बूथ पर सभी वर्ग समाज से जुझारू सक्रिय विचारवान कार्यकर्ता खड़ा करना है.
*प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह* ने कहा कि समयबद्ध तरीके से संगठन महापर्व के कार्यों को पूरा करना हम सब का दायित्व है.
उन्होंने प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता अभियान की गति को बढ़ाने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि संगठन महापर्व के तहत चुनाव प्रक्रिया को पूरा कराने केलिए जिला स्तर पर गठित आब्जर्वर,रिटर्निंग अधिकारी,सह रिटर्निंग अधिकारी की घोषणा की.
श्री सिंह ने जिला और मंडल स्तर पर प्रदेश के तर्ज पर कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए.
आगामी 1से 3 फरवरी तक जिला एवं 4से 6फरवरी तक मंडलों में कार्यशाला आयोजित कर सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.
कार्यशाला का संचालन एवं विषय प्रवेश प्रदेश चुनाव अधिकारी एवम सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने किया.उन्होंने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन को आगे बढ़ाने केलिए देश में करोड़ों भाजपा कार्यकर्ता समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं.उन्होंने संगठन महापर्व में सांगठनिक चुनाव को उमंग और उत्साह में संपन्न कराने का आह्वान किया.
चुनाव के मद्देनजर कई लोगों को विशेष दायित्व मिला है.केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी रांची महानगर,पूर्व सांसद पी एन सिंह,रांची ग्रामीण ,अजय मारू,सत्येंद्र तिवारी गुमला, बीडी राम सिमडेगा,किशुन दास लोहरदगा,नीरा यादव पलामू, डॉक्टर दिनेशानंद गोस्वामी गढ़वा, सीमा शर्मा चतरा,नीलकंठ सिंह मुंडा लातेहार,समीर उरांव हजारीबाग,सुदर्शन भगत रामगढ़,विकास प्रीतम कोडरमा,अनंत ओझा गिरिडीह,राज पलिवार,धनबाद,बालमुकुंद सहाय धनबाद ग्रामीण, बड़कुवर गगराई और लक्ष्मण सिंह बोकारो,भानु प्रताप शाही जामताड़ा,संजय सेठ दुमका,विद्युत वरण महतो पाकुड़ आदित्य साहू देवघर, दीपक प्रकाश साहेबगंज,ब्रजमोहन राम गोड्डा, बिरांची नारायण जमशेदपुर महानगर, सुनील सिंह पूर्वी सिंहभूम,निशिकांत दुबे पश्चिम सिंहभूम,अमर बाउरी सरायकेला के चुनाव आब्जर्वर बनाए गए हैं. उम्मीद की जा रही है कि फरवरी के अंत तक संगठन का पूरा चुनाव संपन्न हो जाएगा उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का चयन होगा.












