रांची – झारखंड विधानसभा चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वा सरमा शुक्रवार को झारखंड पहुंचे.झारखंड पहुंचने से पहले असम के मुख्यमंत्री उड़ीसा के राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की.यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

वैसे तो यह माना जाता है कि राज्यपाल से किसी प्रकार की राजनीतिक बात अपेक्षित नहीं होती है लेकिन सूत्र बताते हैं कि रघुवर दास से आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के संबंध में चर्चा हुई है.मालूम हो कि रघुवर दास झारखंड के एक सफल मुख्यमंत्री माने जाते रहे हैं. 2014 से 2019 तक उन्होंने झारखंड में ठोक बजाकर सरकार चलाने का काम किया.बताया जा रहा है कि असम के मुख्यमंत्री ने पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा सीट के संबंध में उनसे विचार विमर्श किया.
मालूम हो की रघुवर दास पूर्वी जमशेदपुर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक चुने जाते रहे हैं.2019 में उन्हें सरयू राय ने हराया था.अब चूंकि भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के नाम को अंतिम रूप देने का प्रयास कर रही है, इसलिए पार्टी के प्रदेश स्तर के सभी प्रमुख नेताओं से सलाह मशविरा किया जा रहा है.असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वा सरमा झारखंड विधानसभा चुनाव में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं.इसलिए उन्हें पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा यह निर्देश दिया गया है कि वे सभी प्रमुख नेताओं से विचार विमर्श करें.ऐसा समझा जा रहा है कि रघुबर दास की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.उनके सुझाव प्रत्याशी चयन में महत्वपूर्ण स्थान रखेंगे.











