
रांची: झारखंड में डेंगू के केस तेजी से बढ़ रहे हैं. डेंगू और चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. शुक्रवार को राज्य भर में डेंगू के 333 संदिग्ध मरीज मिले हैं. जांच में 36 में डेंगू के लक्षण मिले हैं.वहीं चिकनगुनिया के भी 134 संदिग्ध मरीज मिले हैं. इनमें 79 मरीजों ने जांच करायी. इनमें से 12 में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई है. सभी मरीज रांची के हैं.
पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा डेंगू के 98 संदिग्ध मरीज मिले हैं. इनमें 8 में डेंगू की पुष्टि हुई है. रांची राजधानी में डेंगू के 37 संदिग्ध मरीज मिले हैं. इनमें 1 में डेंगू की पुष्टि हुई है. सरायकेला में डेंगू के 48 संदिग्ध मरीज मिले हैं. धनबाद में डेंगू के 8, दुमका में 2, हजारीबाग में 2, कोडरमा में 2, रामगढ़ में 3, साहिबगंज में 6 और पश्चिम सिंहभूम में 4 डेंगू के मरीज मिले हैं.
झारखंड में चिकनगुनिया के 134 संदिग्ध मरीज मिले हैं. सबसे ज्यादा राजधानी रांची में 37 संदिग्ध मरीज मिले. इनमें से 12 में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई है. वहीं साहिबगंज में चिकनगुनिया के 28 संदिग्ध मरीज मिले हैं. और भी सैंपल सभी जांच के लिए बाकी है.
उल्लेखनीय है कि राज्य के सबसे बड़े अस्पताल कहे जाने वाले रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में डेंगू और चिकनगुनिया के कुल 36 मरीज भर्ती हैं. वार्ड मरीजों से भर गया है. संख्या बढ़ाने की वजह से मरीजों को इसी वार्ड के विभिन्न कमरों में भर्ती किया गया है. जबकि सदर अस्पताल में 24 मरीज भर्ती हैं. जिनका इलाज किया जा रहा है. सरकार की और से स्थिति पर नजर रखी जा रही है.स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दे रखा है.













