*झारखंड में कोई भी सुरक्षित नहीं, ऐसा क्यों कहा बाबूलाल मरांडी ने*
पाकुड़ – झारखंड भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झारखंड में कोई सुरक्षित नहीं है.जल,जंगल और जमीन की लूट तो हो ही रही है.मंगलवार को पार्टी द्वारा आयोजित दुमका से लिट्टीपाड़ा तक मोटर साईकिल आदिवासी अधिकार रैली के दौरान उन्होंने यह बात कही.
सैकड़ों की संख्या में आदिवासी युवा मोटर साईकिल रैली में शामिल हुए. अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा करके बाबूलाल मरांडी का स्वागत किया.
रैली को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है.हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्री रहते राज्य में कोई भी सुरक्षित नहीं है.राज्य में जल , जंगल, जमीन की लूट मची है.राज्य में आकंठ भ्रष्टाचार है.पुलिस वसूली में लगी है.दलाल,बिचौलिए ,अपराधी बेखौफ अपना धंधा कर रहे हैं.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा सरकार ने अटल बिहारी वाजपेई ने अलग राज्य बनाया. राज्य का विकास भी भाजपा ने किया और आगे भी करेगी. केंद्र की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए कटिबद्ध है. उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार ने अलग आदिवासी मंत्रालय बनाया. आज मोदी मंत्रिमंडल में 8 केंद्रीय मंत्री जनजाति समाज से हैं.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज देश के संवैधानिक प्रमुख राष्ट्रपति के पद पर आदिवासी समाज की बेटी द्रौपदी मुर्मू जी हैं.उन्होंने कहा कि भाजपा संथाल परगना की सभी लोकसभा और विधानसभा सीट को जीतेगी. भाजपा का संथाल की जनता में मजबूत जनाधार है.आज भी तीन में से दो लोकसभा सीट भाजपा के पास है जबकि एक राजमहल सीट पर भाजपा ने कई बार जीत दर्ज की है. इस बार यह सीट भाजपा जीतेगी.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मोटर साईकिल रैली में आदिवासी समाज का उत्साह यह साबित करता है कि जनता हेमंत सरकार से ऊब चुकी है.आआने वाले समय में भाजपा को यहां की जनता आशीर्वाद देगी.













