*इजराइल से भारतीय को निकालने के लिए ‘आपरेशन अजय’ शुरू, जानिए क्या हो रहा है*

रांची : इजराइल में फंसे भारतीयों को लाने के लिए भारत सरकार ने एक विशेष ऑपरेशन चलाया है जिसका नाम ‘ऑपरेशन अजय’ है.इजराइल और हमास के बीच युद्ध की वजह से वहां की स्थिति विस्फोटक हो गई है और बड़ी संख्या में लोग मारे जा रहे हैं.भारतीयों को वहां से सुरक्षित निकालने के लिए भारत सरकार ने विशेष अभियान शुरू किया है.इसके लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं.
*भारत के विदेश मंत्रालय की व्यवस्था*
पिछले शनिवार से इजराइल पर हमास के हमले के बाद से गाजा पट्टी के क्षेत्र में युद्ध जारी है. आतंकी संगठन हमास के द्वारा इजराइल पर अचानक हमले से स्थिति युद्ध की बन गयी. इजराइल ने भी आपरेशन शुरू कर दिया. जवाबी कार्रवाई में बहुत सारे लोग मारे गए हैं. अभी तक 2000 से अधिक लोग मारे गए हैं.दस हजार से अधिक घायल हैं. पीएम मोदी से इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की बात हुई थी. भारतीयों की सुरक्षा का आश्वासन इजराइल ने दिया है.
*जानिए क्या हो रहा रेस्क्यू आपरेशन में*
भारत के विदेश मंत्रालय द्वारा यह रेस्क्यू आपरेशन शुरू हुआ है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स पर इसकी जानकारी दी.इजराइल में लगभग 18000 भारतीय रहते हैं. लगभग 900 छात्र हैं. लगातार बमबारी और राकेट दागे जाने से लोग घबराए हुए हैं. लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है. भारत ने विशेष विमान का इंतजाम किया है. इजराइल के तेलअवीव में कंट्रोल रूम बनाया गया है. विदेश मंत्रालय में भी चौबीस घंटे कंट्रोल रूम काम कर रहा है. इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए जरूरत के हिसाब से विमान लगाए गए हैं. इससे पहले यानी पिछले साल यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध के दौरान भारत ने आपरेशन गंगा चलाया था. इसके माध्यम से हजारों भारतीय खासकर छात्रों को सुरक्षित निकाला गया.












