रांची, 7 अप्रैल: झारखंड में आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। रांची मौसम केंद्र ने राज्य के विभिन्न इलाकों में तेज हवा के झोंके और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही, 07 अप्रैल की शाम से 10 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी, तेज हवा और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।
मौसम केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य में उच्चतम तापमान में कोई खास परिवर्तन की उम्मीद नहीं है, हालांकि कुछ दिनों के बाद तापमान में 03 से 04 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। मौसम में यह बदलाव उत्तर पूर्वी बिहार से विदर्भ तक बने टर्फ और पूर्वी बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से हो रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और विशेष रूप से वज्रपात के दौरान खुले में न रहने की चेतावनी दी है।













