जमशेदपुर, 8 अप्रैल 2025:
पूर्वी सिंहभूम जिले में 8 अप्रैल से 22 अप्रैल 2025 तक पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आज समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त श्री अनिकेत सचान एवं धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती शताब्दी मजूमदार द्वारा पोषण पखवाड़ा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मियों ने पोषण पखवाड़ा की शपथ भी ली।
इस रथ के माध्यम से जिले के सुदूरवर्ती प्रखंडों में जाकर लोगों को पोषण के महत्व एवं राष्ट्रीय पोषण मिशन 2025 के उद्देश्यों से अवगत कराया जाएगा। खासतौर पर बच्चों के जीवन के प्रथम 1000 सुनहरे दिन, पोषण ट्रैकर का उपयोग, कुपोषण प्रबंधन, बचपन में मोटापे से निपटने हेतु स्वस्थ जीवन शैली जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को हरी पत्तेदार सब्जियां, दूध, फल और अंडे के सेवन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उप विकास आयुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी से पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों और रथ के संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान लिए गए शपथ में कुपोषण मुक्त भारत, बाल विवाह की रोकथाम, सही पोषण को जन आंदोलन बनाना, और हर बच्चा सुरक्षित व शिक्षित हो – जैसे संकल्पों को दोहराया गया।













