न्यूज डेस्क: नितिन नबीन के बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने से झारखंड में खुशी है। झारखंड से नितिन नबीन का निकट का संबंध रहा है। नितिन नबीन के पिता भी भाजपा के विधायक थे। उनका असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद नितिन नबीन उनकी विरासत संभाला।
नितिन नबीन बहुत ही जमीनी नेता रहे हैं। पांच बार के विधायक हैं। पिछले कई सालों से बिहार में मंत्री हैं। फिर भी सादगी और ईमानदारी उनके काम में देखी गई है।बीजेपी संगठन में उन्होंने काम किया है। भाजयुमो से लेकर दूसरे दायित्व का निर्वहन किया है। नितिन नबीन छत्तीसगढ़ के प्रभारी रहे हैं। वहां भाजपा की सरकार बनवाने में बड़ी भूमिका निभाई। सिक्किम में भी प्रभारी रहे।
भाजपा संगठन ने नितिन नबीन को बड़े दायित्व के लिए उपयुक्त माना। इसलिए उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया। सोमवार को नितिन नबीन दिल्ली पहुंचे। यहां राष्ट्रीय कार्यालय में उनका स्वागत किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने उन्हें कुर्सी पर बैठाया। अमित शाह समेत कई बड़े नेता उनके पार्टी कार्यालय पहुंचने का इंतजार करते देखे गए।
झारखंड में खुशी देखी जा रही:
नितिन नबीन का जन्म रांची में हुआ है। यहां उनके रिश्तेदार रहते हैं। नितिन नबीन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर सभी ने प्रतिक्रिया दी है। नितिन नबीन 45 साल के हैं। इतनी कम उम्र में इतना बड़ा दायित्व मिलना लोगों को चौंका गया है। झारखंड भाजपा के कार्यालय मंत्री हेमंत दास ने कहा कि भाजपा की यही खूबसूरती है। युवा को नेतृत्व दे दिया गया। मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि पार्टी संगठन का अनुभव और ईमानदारी ने नितिन नबीन को इस मुकाम पर पहुंचाया है। उनका रांची कनेक्शन रहा है। बाबूलाल मरांडी ने भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते रहते हैं कि वे युवा को राजनीति में आना चाहिए।
देवराज ने कहा कि भाजपा में यह संभव है कि कोई भी कार्यकर्ता किसी बड़े पद पर पहुंच सकता है। प्रवक्ता राफिया नाज़ ने कहा कि नितिन नबीन की नियुक्ति पार्टी के युवाओं को मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी। विधि प्रकोष्ठ के संयोजक सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा युवाओं को प्रेरित करते हैं। नितिन नबीन अच्छी छवि के नेता हैं।














