
उत्तराखंड के पौड़ी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने लक्सर के रायपुर गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के बाद शनिवार को जब उनके शव गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में मातम छा गया। जिस घर में कुछ घंटे पहले बेटे के जन्मदिन की तैयारियां होनी थीं, वहां एक साथ छह जनाजे उठे। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और गमगीन माहौल में हर आंख नम नजर आई।
जानकारी के अनुसार रायपुर गांव निवासी अफजाल अपने भाई गुफरान के साथ पौड़ी के भरसार क्षेत्र में ठेकेदारी का काम करते थे। कांवड़ मेले की छुट्टियों के दौरान अफजाल ने परिवार के साथ घूमने का कार्यक्रम बनाया था। खास बात यह थी कि उनके 14 वर्षीय बेटे शादाब का शुक्रवार को जन्मदिन था। परिवार ने सोचा था कि पहाड़ों की सैर के साथ सभी मिलकर जन्मदिन की खुशियां मनाएंगे।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे अफजाल अपने भाई गुफरान, पत्नी शब्बो, बच्चों अमन, अरमान, अरहम और बेटी अनाविया के साथ बोलेरो से रवाना हुए। लेकिन कुछ ही समय बाद कुंडधार के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का एक सदस्य अरहम हादसे में घायल हुआ, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर जैसे ही रायपुर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के घरों में मातम पसर गया और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। ग्रामीणों के मुताबिक, घटना की जानकारी सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया। शनिवार को जब मृतकों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों का दुख फूट पड़ा।
सबसे दर्दनाक स्थिति अफजाल की वृद्ध मां नफीसा की रही। परिजनों ने शुरुआत में उन्हें हादसे की पूरी गंभीरता नहीं बताई थी। उन्हें केवल यह जानकारी दी गई थी कि परिवार के लोग दुर्घटना में घायल हुए हैं। लेकिन जब छह शव घर पहुंचे तो उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
एक साथ छह जनाजों के उठने का दृश्य देखकर पूरा गांव भावुक हो गया। अंतिम संस्कार के दौरान हजारों लोग मौजूद रहे। जन्मदिन की खुशियां मनाने निकले परिवार की यह यात्रा ऐसी त्रासदी में बदल गई, जिसे गांव वाले लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे।

