PostNxt - Breaking News
Advertisement

खूंटी में भीड़ की हिंसा ने ली युवक की जान, बकरी चोरी के शक में तीन लोगों से मारपीट

KARISHMA SANCHAY

KARISHMA SANCHAY

Jul 28, 2026 · 5:40 PM
Share:
खूंटी में भीड़ की हिंसा ने ली युवक की जान, बकरी चोरी के शक में तीन लोगों से मारपीट
Advertisement

झारखंड के खूंटी जिले से भीड़ की हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। मुरहू थाना क्षेत्र के बिंदादीरी गांव में बकरी चोरी के संदेह में कुछ युवकों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे मॉब लिंचिंग का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है।पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के चार युवक एक कार से बिंदादीरी गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि वे बकरी चोरी की नीयत से गांव में आए थे। इसी दौरान बकरियों के शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और चारों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद कथित तौर पर भीड़ ने उनके साथ लाठी-डंडों और अन्य सामान से मारपीट की।आरोप है कि मारपीट के बाद तीन युवकों को जंगल में ले जाकर अलग-अलग पेड़ों से बांध दिया गया, जबकि चौथा युवक किसी तरह मौके से निकलने में सफल रहा। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पेड़ों से बंधे तीनों युवकों को मुक्त कराया। इनमें से एक युवक की हालत बेहद गंभीर थी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। दूसरे घायल का अस्पताल में इलाज जारी है। खूंटी पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भीड़ में कौन-कौन लोग शामिल थे और हिंसा किस परिस्थिति में हुई। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक संदेह की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। किसी व्यक्ति को दोषी मानकर भीड़ द्वारा हिंसा करना कानूनन अपराध है। फिलहाल मामले में केस दर्ज कर जांच जारी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Found this article helpful? Share it:

Share: