PostNxt - Breaking News
Advertisement

धनबाद डायमंड्स झारखंड T 20 के लिए है तैयार, भव्य शुरुआत

postnxt

postnxt

Jun 03, 2026 · 11:51 PM
Share:
धनबाद डायमंड्स झारखंड T 20 के लिए है तैयार, भव्य शुरुआत
Advertisement

 

रांची। झारखंड में IPL जैसा तड़का लगाने का पूरा प्रयास है। इसमें भाग लेने वाली टीमें वॉर्म अप हो रही हैं।आगामी झारखंड टी-20 लीग के लिए धनबाद डायमंड्स ने रांची स्थित रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित एक भव्य टीम लॉन्च एवं बॉन्डिंग इवेंट के साथ अपने अभियान की औपचारिक शुरुआत की। खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ, टीम प्रबंधन, मीडिया प्रतिनिधियों एवं विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह ने फ्रेंचाइज़ी की महत्वाकांक्षाओं, टीम संस्कृति और विजयी सोच की स्पष्ट झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम की शुरुआत फ्रेंचाइज़ी के मालिक श्री अपूर्वा गुप्ता, सह-मालिक श्री आयुष परमारका एवं श्री आदर्श गुप्ता के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने धनबाद डायमंड्स की स्थापना की भावना साझा करते हुए कहा कि यह टीम केवल एक क्रिकेट फ्रेंचाइज़ी नहीं, बल्कि धनबाद की मेहनत, संघर्ष और अटूट जज़्बे का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, “जिस प्रकार कोयला अत्यधिक दबाव और ताप से हीरा बनता है, उसी प्रकार संघर्ष, समर्पण और निरंतर प्रयास सफलता की असली पहचान हैं। यही भावना धनबाद डायमंड्स की नींव और हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

इस अवसर पर फ्रेंचाइज़ी के मालिक अपूर्वा गुप्ता, सह-मालिक राहुल गुप्ता, आयुष परमारका एवं आदर्श गुप्ता मौजूद रहे। साथ ही टीम के मुख्य कोच राहुल शुक्ला एवं मेंटोर एस.एस. राव का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण क्षण तब आया जब टीम नेतृत्व की घोषणा की गई। बाला कृष्णा को धनबाद डायमंड्स का कप्तान तथा विक्रम को उपकप्तान नियुक्त किया गया। इसके साथ ही टीम की आधिकारिक जर्सी का भव्य अनावरण किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों में उत्साह का संचार कर दिया। सभी खिलाड़ियों का औपचारिक परिचय एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित मीडिया संवाद एवं टीम बॉन्डिंग सत्र का उद्देश्य खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और प्रबंधन के बीच मजबूत संबंध, आपसी विश्वास और एकजुटता को बढ़ावा देना था। टीम प्रबंधन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि ट्रॉफी और जीत महत्वपूर्ण हैं, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण ऐसी संस्कृति का निर्माण है जो विश्वास, सम्मान और टीम भावना पर आधारित हो।

समापन सत्र में खिलाड़ियों और प्रबंधन ने एक स्वर में टीम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। धनबाद डायमंड्स प्रबंधन ने विश्वास जताया कि यह टीम केवल मुकाबले जीतने के लिए नहीं, बल्कि झारखंड को गर्व का अवसर देने और राज्य के क्रिकेट इतिहास में एक नई प्रेरणादायक कहानी लिखने के उद्देश्य से मैदान में उतरेगी।

अब सभी की निगाहें आगामी झारखंड टी-20 लीग पर हैं, जहाँ धनबाद डायमंड्स अपने खेल, जुनून और टीम भावना के दम पर नई पहचान बनाने के लिए तैयार है।

#DhanbadDiamonds #Jharkhandt20

Found this article helpful? Share it:

Share: