
भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का बड़ा लक्ष्य रखा था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम पांचवें दिन 77.4 ओवर में 206 रन पर सिमट गई। भारतीय गेंदबाजों ने आखिरी दिन दबाव बनाए रखा और लगातार विकेट निकालकर मैच अपने नाम कर लिया।
भारत की जीत में मानव सुथार का प्रदर्शन सबसे खास रहा। उन्होंने दूसरी पारी में 55 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इससे पहले पहली पारी में भी सुथार ने 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा था। इस तरह पूरे मुकाबले में उनके नाम कुल 9 विकेट रहे।
सुथार ने 75वें ओवर में तो श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर ही तोड़ दी। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर सोनल दिनुशा को 84 रन के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद प्रभात जयसूर्या बिना खाता खोले आउट हुए। ओवर की आखिरी गेंद पर लाहिरु कुमारा भी शून्य पर पवेलियन लौट गए।
श्रीलंका की ओर से कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने 59 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन रवींद्र जडेजा ने सुथार के हाथों उन्हें कैच कराकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने निरोशन डिकवेला को 10 रन पर आउट किया।
इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में शानदार शुरुआत की है। अब टीम इंडिया की नजर अगले टेस्ट में जीत के साथ सीरीज अपने नाम करने पर होगी।

