
दुनिया के सबसे चर्चित कंटेंट क्रिएटर्स में शामिल यूट्यूबर MrBeast यानी जिमी डोनाल्डसन अब अपनी जिंदगी की नई शुरुआत कर चुके हैं। उन्होंने अपनी लॉन्गटाइम पार्टनर थिया बूयसन के साथ ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स के खूबसूरत नेकर आइलैंड पर बेहद निजी समारोह में शादी कर ली। इस खास मौके पर केवल परिवार के सदस्य और चुनिंदा करीबी दोस्त ही मौजूद रहे, जिससे यह समारोह और भी यादगार बन गया। शादी के बाद MrBeast ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वेडिंग की पहली झलक साझा की

तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं और दुनिया भर के फैंस ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाओं से भर दिया। वेडिंग फोटोज़ में MrBeast ब्लैक टक्सीडो में बेहद स्टाइलिश नजर आए, जबकि थिया बूयसन ने क्लासिक व्हाइट वेडिंग गाउन और सादगी भरे लुक से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस शादी को किसी पेशेवर वेडिंग ऑफिशिएंट ने नहीं, बल्कि परिवार के एक करीबी मित्र ने संपन्न कराया। समुद्र किनारे आयोजित इस समारोह का शांत और खूबसूरत माहौल तस्वीरों में साफ झलक रहा है। अपनी शादी की तस्वीरें साझा करते हुए MrBeast ने भावुक अंदाज में लिखा कि उन्हें उनकी “Mrs. Beast” मिल गई है और यह उनकी जिंदगी का सबसे यादगार दिन है। जिमी डोनाल्डसन और थिया बूयसन की मुलाकात साल 2022 में दक्षिण अफ्रीका में एक प्रोजेक्ट के दौरान हुई थी। समय के साथ दोनों की दोस्ती गहरे रिश्ते में बदली और अब उन्होंने शादी के बंधन में बंधकर अपने रिश्ते को नई पहचान दे दी है। फैंस इस खूबसूरत जोड़ी की नई शुरुआत पर लगातार प्यार और बधाइयां दे रहे हैं।

