संसद परिसर में झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर NDA और विपक्ष के सांसदों के बीच जमकर नारेबाजी हुई
नई दिल्ली/रांची:- संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को संसद परिसर के बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष के सांसद आमने-सामने आ गए। NDA सांसद झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी से सवाल कर रहे थे, जबकि विपक्षी सांसद दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
इसी दौरान प्रियंका गांधी जब संसद पहुंचीं तो NDA सांसद हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। एक भाजपा सांसद राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाते हुए पूछ रहे थे कि राहुल गांधी झारखंड क्यों नहीं गए? प्रियंका गांधी वहां कुछ देर रुकीं और तख्ती को ध्यान से देखा। जब भाजपा सांसद ने अपना सवाल दोहराया तो प्रियंका गांधी ने मुस्कुराते हुए कहा, “राहुल जी तो झारखंड के छात्रों से मिल भी चुके हैं।” इसके बाद वह आगे बढ़ गईं।
कुछ देर बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रियंका गांधी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह पहली बार है जब सरकार के सांसद प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “कम से कम हमने उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर तो किया। अब आएं और बयान दें।”
दरअसल, झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को हजारों छात्र विधानसभा का घेराव करने पहुंचे थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। कई छात्रों ने लाठीचार्ज का भी आरोप लगाया।
लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने झारखंड में 16 घंटे के बंद का आह्वान किया। मंगलवार को कई जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कें जाम कीं और टायर जलाकर विरोध किया। इस दौरान कई नेताओं को हिरासत में भी लिया गया। संसद के बाहर भी इसी मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव देखने को मिला।

