रांची: झारखंड की राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से 15 साल की छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि एक सफेद रंग की कार में सवार अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को अपने साथ लेकर चला गया। घटना के बाद से परिवार काफी परेशान है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
छात्रा के पिता लटमा रोड इलाके में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे उनकी 15 वर्षीय बेटी सुरेंद्रनाथ इन्क्लेव के पास थी। इसी दौरान वहां एक सफेद रंग की कार पहुंची। आरोप है कि कार में मौजूद व्यक्ति छात्रा को अपने साथ वाहन में बैठाकर वहां से चला गया। इसके बाद से छात्रा का कोई पता नहीं चल पाया।
बेटी के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने पहले अपने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। काफी कोशिश के बाद परिवार ने जगन्नाथपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई और छात्रा को जल्द से जल्द सुरक्षित खोजने की मांग की।
पुलिस ने अज्ञात कार सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर अशोक प्रसाद को दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही सफेद कार की पहचान करने और उसके संभावित रास्तों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल छात्रा की सकुशल बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है। वहीं, परिजन लगातार अपनी बेटी के सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

