गोड्डा: महगामा के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। अगर उनमें मेहनत करने का उत्साह है तो वे बड़ा आदमी बन सकते हैं। बड़ा आदमी यानी पढ़ लिखकर देश का बड़ा अधिकारी बन सकते हैं। इसके लिए एक ख़ास योजना शुरू हुई है। जानिए इसके बारे में विस्तार से।
महागामा में ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ का हुआ शुभारंभ
महागामा के युवा अब बन सकेंगे देश के अधिकारी
100 चयनित युवाओं को IAS, IPS, IRS, IFS सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की दी जाएगी निःशुल्क कोचिंग
शिक्षा में निरंतरता ही सफलता का मंत्र – वी एस यशवंत 
“अगर आप युवा हैं… अगर आपकी दोस्ती किताबों से है… अगर आपके अंदर देश का अधिकारी बनने का जज्बा है… तो अपने सपनों को साकार करने के लिए हो जाइए तैयार”
महागामा विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले युवाओं के लिए अपने सपनों को नई दिशा देने का अवसर लेकर ‘प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना’ की शुरुआत की गई है। त्विषा फाउंडेशन के प्रायोजन एवं अयांश द सिविल सर्विसेज के सहयोग से शुरू की गई इस पहल के तहत 100 चयनित युवाओं को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है।
भारत रत्न इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर महागामा के गोविंदपुर में इस योजना का शुभारंभ गोड्डा डीडीसी वी एस यशवंत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया। यह पहल युवाओं में नेतृत्व, सेवा और अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। योजना के माध्यम से IAS, IPS, IRS, IFS सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीडीसी वी एस यशवंत ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर पढ़ाई करें और अपनी क्षमताओं पर पूरा विश्वास रखें। परीक्षा से घबराने की जरूरत नहीं है। यह परीक्षा आपकी प्रतिभा और क्षमता को समझने का एक अवसर है। सफलता पाने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट रहें और उस दिशा में लगातार प्रयास करते रहें। रास्ते में चुनौतियां आएंगी, कभी परिणाम उम्मीद के अनुरूप नहीं होंगे और कभी परिस्थितियां कठिन लगेंगी, लेकिन इन चुनौतियों से घबराकर अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटना है। उन्होंने कहा आपने जो लक्ष्य तय किया है, उस पर अडिग रहें और पूरी मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ते रहें। यदि आप मेहनत, आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगे, तो सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी।
राज्य की ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह की दूरगामी सोच के तहत प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना के लिए 25 जुलाई से 5 अगस्त के बीच महागामा विधानसभा क्षेत्र के 10 से 15 स्कूलों एवं कॉलेजों में सेमिनार, काउंसलिंग और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था । इस योजना से जुड़ने के लिए 700 युवाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 500 अभ्यर्थी 16 अगस्त को आयोजित चयन परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा का परिणाम 25 अगस्त को जारी किया गया और 7 से 14 सितंबर के बीच इंटरव्यू में चयनित छात्र शामिल हुए । पूरी चयन प्रक्रिया के बाद कुल 100 युवाओं का चयन किया गया है। अब इन चयनित युवाओं को योजना के तहत निःशुल्क शिक्षा प्रदान किया जाएगा।
इस पहल से महागामा के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी। निःशुल्क कोचिंग और अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलने से ग्रामीण क्षेत्र के गरीब परिवार के बच्चे भी देश का अधिकारी बनने का सपना साकार कर सकेंगे। उदघाटन समारोह के दौरान चयनित छात्रों का उत्साह देखने लायक रहा । चयन प्रक्रिया , सफलता और भविष्य में अधिकारी बनने को लेकर ज्योति श्वेतलाना मरांडी , छोटी सिमरन , आयशा फिरदौस , अंजलि सिन्हा, करुणा केशरी , सानू कुमार शर्मा सहित अन्य छात्रों ने अपना विचार व्यक्त किया । छात्रों ने कहा कि उनके लिए ये किसी सपने से कम नहीं है । बड़े शहरों में सिविल सेवा के लिए संचालित कोचिंग का खर्च उनके परिवार के लिए संभव नहीं है। लेकिन प्रियदर्शिनी प्रतिभा योजना ने उन्हें देश का अधिकारी बनने का सुनहरा मौका उनके अपने गृह क्षेत्र में प्रदान किया है। वो इस अवसर को सफलता में बदलने की पूरी कोशिश करेंगे।
उदघाटन समारोह में महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, एसडीपीओ वरुण रजक, सीओ डा. खगेन महतो, बीडीओ सोनाराम हांसदा, अयांश के निदेशक राहुल कुमार एवं प्रियंका, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य हेनाफख, इंटरकॉलेज महागामा के प्राचार्य बिभूति रंजन, सेंट माइकल स्कूल के प्राचार्य बीजू कंकल, गोड्डा जिला अध्यक्ष यह्य सिद्दीकी, महागामा प्रखंड अध्यक्ष मो. मिनहाज, नगर उपाध्यक्ष निलेश कुमार, बिपिन बिहारी, मो. ख़ालिद, नौशेर आदिल, मलयकांत दास सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहें।

