न्यूज डेस्क: दिल्ली में 16 साल पूर्व हुई निर्भया कांड की याद ताज़ा हो गई है। देर रात स्लीपर बस में सोलह साल की लड़की के साथ गैंगरेप की घटना हुई है। चलती बस में लगभग 47 किलोमीटर तक उसके ज़िस्म को अपराधी नोचते रहे।
ताज़ा जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की 11 वीं क्लास की 16 वर्षीय लड़की अपने घर से मामूली विवाद से गुस्से में आकर घर से निकल गई। वह परी चौक से ग्रेटर नोएडा के लिए निकली। वह रिश्तेदार से मिलने जा रही थी। बारिश के कारण रात में सड़क सूनी थी। ऐसे में वह एक बस को हाथ देकर रुकवाती है। बस चालक रुक जाता है। वह उसमें चढ़ जाती है।
बस में उसे नहीं पता था कि चालक और कंडक्टर के अलावा कोई नहीं है। उसके बाद वो लड़की थोड़ी डर गई। लड़की के साथ कंडक्टर और चालक ने गैंगरेप किया। वो चिल्लाती रही पर उसकी आवाज़ कोई सुनने वाला नहीं था। लगभग 47 किलोमीटर तक चलती बस में उसके साथ दरिंदगी होती रही। फिर लड़की को कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर फेंक दिया गया।
जानकारी के अनुसार लड़की को देखकर किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी। उसके बाद पुलिस हरकत में आई। ताज़ा जानकारी के अनुसार लड़की की निशानदेही पर बस को तिमारपुर से जब्त किया गया। बस चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आगे जांच जारी है। लड़की का मेडिकल कराया गया है। इस घटना से लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। लोग यह कह रहे हैं कि आखिर कब तक देश में निर्भया कांड होता रहेगा। नोएडा से दिल्ली तक पुलिस की चेकिंग व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

