नई दिल्ली/ रांची: झारखंड को सम्मान मिला है। स्वच्छता के क्षेत्र में अवार्ड मिला है।स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में झारखण्ड ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आज दिनांक 11 नवम्बर, 2026 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार समारोह में झारखण्ड के जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (Jamshedpur Notified Area Committee) को **‘State First Swachh City Award’** से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
इस मौके पर भारत सरकार के माननीय केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सत्येन्द्र सिंह तथा मंत्रालय के पूंजी विकास विभाग की सचिव डी. थारा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
झारखण्ड की ओर से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार सुनील कुमार, प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, द्वारा ग्रहण किया गया। इस अवसर पर उनके साथ सूरज कुमार, राज्य मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), झारखण्ड; योगेन्द्र कुमार, नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति; तथा रविन्द्र कुमार, महाप्रबंधक, Tata Steel, UISL** उपस्थित थे।
जमशेदपुर को प्राप्त यह सम्मान शहर में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं नागरिक सहभागिता के क्षेत्र में किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। इस उपलब्धि को हासिल करने में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मंत्रालय द्वारा सूचित किया गया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न शहरों की विस्तृत राष्ट्रीय रैंकिंग एवं अन्य श्रेणियों के परिणाम शीघ्र ही जारी किए जाएंगे। झारखण्ड सरकार द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए प्रमुख प्रयास
स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने हेतु नगर विकास एवं आवास विभाग एवं राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में विभिन्न पहल की गईं। इनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित प्रयास शामिल हैं:
1.नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण:** नगर निकायों के स्वच्छता संबंधी कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी की गई तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।
2.डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण:** घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित कचरा संग्रहण एवं परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया।
3.स्रोत पर कचरा पृथक्करण:गीले, सूखे एवं अन्य श्रेणियों के कचरे के पृथक्करण हेतु नागरिकों को जागरूक किया गया।
4. अपशिष्ट प्रसंस्करण:Material Recovery Facility (MRF), कम्पोस्टिंग यूनिट एवं अन्य ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण सुविधाओं के विकास एवं संचालन को बढ़ावा दिया गया।
5.लीगेसी वेस्ट प्रबंधन: पुराने कचरा डंपसाइटों के वैज्ञानिक निस्तारण एवं भूमि पुनरुद्धार के लिए विशेष प्रयास किए गए।
6. शौचालयों की स्वच्छता:सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की साफ-सफाई एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया।
7. जनभागीदारी एवं IEC:स्वच्छता रैलियों, जन-जागरूकता अभियानों एवं सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों की सहभागिता बढ़ाई गई।
8. विशेष स्वच्छता अभियान:बाजारों, सार्वजनिक स्थलों एवं चिन्हित ब्लैक स्पॉट की नियमित सफाई एवं सुधार हेतु विशेष अभियान चलाए गए।
9. डिजिटल निगरानी: MIS अपडेट, जियो-टैगिंग एवं डिजिटल रिपोर्टिंग के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित की गई।
10. बल्क वेस्ट जनरेटर प्रबंधन:बड़े संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कचरे के पृथक्करण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन को प्रोत्साहित किया गया।
इन समन्वित प्रयासों के माध्यम से राज्य में शहरी स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया गया।
नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखण्ड द्वारा राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य केवल स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि शहरी नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ एवं बेहतर जीवन-पर्यावरण उपलब्ध कराना भी है।
जमशेदपुर को प्राप्त यह सम्मान झारखण्ड के लिए गौरव का विषय है तथा राज्य के अन्य नगर निकायों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि राज्य सरकार, नगर निकायों, संबंधित संस्थाओं, स्वच्छता कर्मियों एवं आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
राज्य सरकार भविष्य में भी स्वच्छता के क्षेत्र में नवाचार, जनभागीदारी एवं आधुनिक तकनीक के उपयोग के माध्यम से झारखण्ड के शहरों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

