*रांची : झारखंड में छात्र आंदोलन चल रहा है। जेपीएससी और जेएसएससी में कथित गड़बड़ी को लेकर आंदोलन चल रहा है। सरकारी नौकरी की चाहत लिए कई अभ्यर्थी दिन रात मेहनत करते हैं। उनके अभिभावक भी साथ में हर तरह से साथ देते हैं। पति भी तो अपनी पत्नी का अभिभावक होता है। एक पति ने ऐसा काम किया कि वह चर्चा में है।
हम बता दें कि जेपीएससी में कथित गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। इसी बीच शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे धरनास्थल के पास स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम के मोबाइल टावर पर एक युवक चढ़ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस भी दौड़े दौड़े पहुंची।
इस युवक की पहचान हीरालाल के रूप में हुई है। वह लातेहार जिले के बालूमाथ का रहने वाला है। उसने बताया कि उसकी पत्नी को नौकरी नहीं मिलने से वह बेहद परेशान है और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। टावर पर चढ़कर उसने सरकारी व्यवस्था के प्रति नाराजगी जताई और अपनी बात सुने जाने की मांग की। छात्रों की मांग पर सरकार की चुप्पी पर सवाल खड़ा किया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इसके बाद कोतवाली थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने देर रात तक युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा। स्थिति को देखते हुए मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस लगातार युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करती रही।
#ChhatraAndolan

