न्यूज डेस्क: आज से इस कैलेंडर वर्ष का अंतिम सबसे बड़ा सनातनी महापर्व शुरू हो गया है। आज नहाय खाय के साथ इसकी शुरुआत हो गई है। चार दिवसीय यह अनुष्ठान का समापन 16 नवंबर को होगा। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत अनेक हिस्सों में छठ महापर्व बड़े उत्साह से मनाया जाता है। बिहार का तो यह लोक पर्व है। इतना बड़ा धार्मिक अनुष्ठान कही अन्यत्र नहीं होता है।
आज नहाय खाय के दिन व्रती पूरी पवित्रता से स्नान ध्यान कर भोजन बनाती हैं। भगवान का स्मरण कर भोजन ग्रहण करती हैं। आज कद्दू की सब्ज़ी बनती है। अरवा चावल (अधिकांश) का भात और कई घरों में अपनी परंपरा अन्य चीज़ें बनाई जाती हैं। जिस घर में जैसी परंपरा पहले से चली आती है, वैसा ही अनुसरण किया जाता है। नहाय खाय से व्रती अपने को छठी मैया के लिए समर्पित हो जाते हैं।घर के अन्य सदस्यों से अलग उनकी व्यवस्था होती है।छठ महापर्व व्रती नहीं बल्कि भगवान करवाते हैं।छत्तीस घंटे का उपवास ऐसे कहां संभव हो पाता है।
नहाय खाय के दूसरे दिन यानी कल खरना होता है। जिसे लोहंडा भी कहते हैं।शाम में पूजा अर्चना कर छठ व्रती प्रसाद ग्रहण कर निर्जला उपवास शुरू करती हैं। तीसरे दिन यानी परसों तारीख 15 नवंबर को पहला अर्घ्य दिया जाता है। चौथे दिन यानी 16 नवंबर को पारण उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।तब यह पर्व संपन्न होगा।आज से पूरा वातावरण छठमय हो गया है।हर तरफ उन्हीं के गीत गूंज रहे हैं।यह धार्मिक आयोजन आस्था और विश्वास का बड़ा संगम है।
छठ पर्व को लेकर प्रशासन पर भी बड़ी जवाबदेही रहती है।छठ घाटों की साफ सफाई का काम करना होता है। नदियों में सुरक्षा का भी प्रबंध करना होता है। इसके लिए दुर्गा पूजा के बाद से ही तैयारी शुरू हो जाती है।
चार दिवसीय छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर 2026 तक मनाया जाएगा।
• नहाय-खाय (पहला दिन): 13 नवंबर 2026, शुक्रवार
• खरना (दूसरा दिन): 14 नवंबर 2026, शनिवार
• संध्या अर्घ्य (डूबते सूर्य को अर्घ्य – तीसरा दिन): 15 नवंबर 2026, रविवार (सूर्यास्त का समय: शाम 5:28 बजे)
• उषा अर्घ्य एवं पारण (उगते सूर्य को अर्घ्य – चौथा दिन): 16 नवंबर 2026, सोमवार (सूर्योदय का समय: सुबह 6:44 बजे)

