रांची: चतरा विधायक के बेटे के अपहरण की ख़बर झारखंड खासकर रांची में आग की तरह फैली। एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर ब्लैक स्कॉर्पियो में उसे बदमाशाें ने जबरन उठाकर ले गए। विधायक पुत्र सौरभ के साथ मारपीट की गई। चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। रांची पुलिस ने तत्काल मल्टीपल टीम बनाकर जांच शुरू की।
पता चला कि यूनिवर्सिटी गेट पर छात्रों के दो गुटों के बीच शराब सेवन के दौरान मारपीट हुई। उसके बाद विधायक के बेटे सौरभ को गाड़ी में जबरन उठाकर कुछ लोग अन्यत्र ले गए। जनार्दन पासवान ने PostNXT को बताया कि उनके बेटे ने मोबाइल पर उनके अपहरण की सूचना दी। फिर उनका फोन बंद हो गया। बाद में जब मोबाइल लगा तो विधायक जनार्दन पासवान को उनके बेटे ने गाड़ी में मारपीट किए जाने की जानकारी दी।
रांची पुलिस इस सूचना पर छापेमारी शुरू कर दी थी। सिटी SP पारस राणा ने बताया कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट हुई।
शराब का सेवन किया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात पर मारपीट हुई। पुलिस ने इसे अपहरण का मामला नहीं माना है। जबकि विधायक जनार्दन पासवान ने अपहरण की सूचना दी थी। प्रथम दृष्टया झगड़ा झंझट का मामला है।
इधर विधायक पुत्र के अपहरण की ख़बर आग की तरह फैल गई। भाजपा ने विधि व्यवस्था पर सवाल उठाया। आंदोलन की धमकी दी। विधानसभा थाना क्षेत्र में यह घटना हुई।BJP और LJPR के कई नेता और विधायक भी थाना पहुंचे।

