PostNxt - Breaking News
Advertisement

SBU और CISF के बीच हुआ MOU, साइबर सुरक्षा की जानकारी मिलेगी फोर्स को

Rajesh Kumar

Rajesh Kumar

Aug 11, 2026 · 8:27 AM
Share:
SBU और CISF के बीच हुआ MOU, साइबर सुरक्षा की जानकारी मिलेगी फोर्स को
Advertisement

रांची: यह गौरव की बात है। सरला बिरला विश्वविद्यालय के एक्सपर्ट केंद्रीय अद्र्धसैनिक बल को प्रशिक्षण देंगे। इसके लिए एक करार हुआ है।

सरला बिरला विश्वविद्यालय और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के संयुक्त तत्वावधान में महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना सुरक्षा (सीआईआपी) विषय पर पांच दिवसीय व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को विवि परिसर में शुरू हुआ। 10 से 14 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीआईएसएफ कर्मियों को साइबर सुरक्षा, महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना, उभरते साइबर खतरों और तकनीक आधारित सुरक्षा तंत्र की जानकारी एवं प्रशिक्षण देना है।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय और CISF के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के साथ हुआ। इस MOU के माध्यम से साइबर सुरक्षा एवं महत्वपूर्ण अवसंरचना संरक्षण के क्षेत्र में दोनों संस्थानों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण को बढ़ावा मिलेगा।

समारोह में सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, रजिस्ट्रार प्रो. एस. बी. डांडिन, विभिन्न संकायों के डीन एवं वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सीआईएसएफ की ओर से महानिरीक्षक प्रबोध चंद्र, कमांडेंट औशुतोष चौधरी और असिस्टेंट कमांडेंट चेकी शेरपा उपस्थित रहे।

इसके बाद विवि के एआई/एमएल लैब में प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र आयोजित किया गया। डॉ. पंकज के. गोस्वामी, डीन, फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड एप्लाइड साइंसेज, ने स्वागत भाषण दिया और साइबर सुरक्षा की बढ़ती चुनौतियों पर प्रकाश डाला। प्रो जगनाथन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी उभरती तकनीकों को समझना आज बेहद जरूरी है। उन्होंने महत्वपूर्ण अवसंरचना पर होने वाले साइबर हमलों के संभावित प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है।

प्रो. गोपाल पाठक ने अपने संबोधन में बल के प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने तथा विशेषज्ञों के साथ सक्रिय संवाद करने का आग्रह किया। वहीं, बल के आईजी श्री प्रबोध चंद्र ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सरला बिरला विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए प्रतिभागियों से सभी प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा डॉ. संदीप कुमार सिंह मोदक, एसोसिएट प्रोफेसर, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग, ने प्रस्तुत की। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव, विभागाध्यक्ष, कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग विभाग, ने किया।

सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने एसबीयू और सीआईएसएफ के बीच हुए एमओयू पर हर्ष व्यक्त किया है।

Found this article helpful? Share it:

Share: