रांची: बड़े शिक्षण संस्थानों में शुमार सरला बिरला विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थियों को व्यवहारपरक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से कई ऐसे प्रयोग करते हैं जिनसे उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलता है। यहां के विद्यार्थियों को अनुभव-आधारित शिक्षा, आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शैक्षणिक भ्रमण एवं विविध ज्ञानवर्धक गतिविधियों को प्रोत्साहित कर रहा है। विश्वविद्यालय के सिविल एवं पर्यावरण अभियांत्रिकी विभाग के 23 विद्यार्थियों ने हाल ही में आईआईटी दिल्ली का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक प्रयोगशालाओं और अनुसंधान सुविधाओं का अवलोकन किया तथा उच्च शिक्षा, छात्रवृत्ति, शोध और करियर के अवसरों पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया। विद्यार्थी काफी संतुष्ट दिखे।
वहीं, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के एमसीए एवं बी.टेक. के 30 विद्यार्थी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक बेंगलुरु के शैक्षणिक दौरे पर हैं। इस दौरान उन्हें इसरो, डीआरडीओ, एचएएल, आईटी कंपनियों, स्टार्टअप्स और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों से परिचित कराने की योजना है।
इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के अंग्रेजी संकाय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकगणों ने राजस्थान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय साहित्य महोत्सव ‘ वर्ड्स बियॉन्ड बॉर्डर्स ’ में भाग लिया। इस सहभागिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विविधता से परिचित कराना और उनके व्यापक दृष्टिकोण को विकसित करना है।
विश्वविद्यालय की इन पहलों का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर नवीनतम तकनीकी प्रगति, शोध, उद्योग जगत और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि उनका शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं व्यक्तित्व विकास सुनिश्चित हो सके। विश्वविद्यालय की ये पहल शिक्षा को कक्षा की चारदीवारी से आगे ले जाकर अनुभव, नवाचार और रचनात्मकता से जोड़ने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। ज्ञात हो कि विवि के कई विद्यार्थी पहली बार राज्य से बाहर गए हैं। सरला बिरला विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास और वैश्विक दृष्टिकोण से सशक्त बनाना है, ताकि वे बदलती तकनीकी एवं व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करते हुए राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान दे सकें। विगत समय में देश- विदेश में शैक्षणिक भ्रमण विवि की इस दिशा में प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक, कुलपति प्रो सी जगनाथन एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक दौरे पर प्रसन्नता व्यक्त की है।

