नई दिल्ली- आज भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है। झारखंड ही नहीं बल्कि देश की राजधानी में भी जयंती मनाई गई।भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2026 में झारखण्ड पवेलियन में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखण्ड राज्य का 26वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर पवेलियन में झारखण्ड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान झारखण्ड के जनजातीय समुदाय के कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य एवं लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से झूमर नृत्य ने दर्शकों और आगंतुकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुति से उत्साहित होकर मेले में आए अतिथियों एवं आगंतुकों ने भी झूमर नृत्य में शामिल होकर झारखण्ड की लोकसंस्कृति का आनंद लिया जिससे पवेलियन का माहौल उत्सवमय हो उठा।
इस ख़ास आयोजन के माध्यम से झारखण्ड पवेलियन ने राज्य की गौरवशाली विरासत, जनजातीय पहचान और सांस्कृतिक विविधता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किया। साथ ही, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय अस्मिता के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
झारखण्ड पवेलियन में आयोजित यह सांस्कृतिक उत्सव आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा और उन्हें झारखण्ड की परंपराओं, लोककला एवं सांस्कृतिक पहचान से रूबरू होने का अवसर मिला।

