PostNxt - Breaking News
Advertisement

SIR का विशेष कैंप 18 नवंबर को सभी बूथों पर।

Rajesh Kumar

Rajesh Kumar

Nov 10, 2026 · 6:24 PM
Share:
SIR का विशेष कैंप 18 नवंबर को सभी बूथों पर।
Advertisement

 

रांची: यह महत्वपूर्ण समाचार है।भारत निर्वाचन आयोग (ECI ) के निर्देशानुसार झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत ASDD सूची में शामिल ऐसे पात्र मतदाताओं, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, को अंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का एक और अवसर प्रदान किया जा रहा है। इस उद्देश्य से आगामी 18 नवंबर, 2026 को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO ) के. रवि कुमार ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। कैंप के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार BLO-BLA-2 एवं चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी आयोजित की जाएगी।

कैंप में ASDD सूची में शामिल ऐसे पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जो संबंधित मतदान केंद्र के क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं तथा जिन्होंने अभी तक प्रपत्र-6 नहीं भरा है। ऐसे मतदाताओं के साथ विचार-विमर्श कर उनकी पात्रता का सत्यापन करते हुए उन्हें अंतिम रूप से चिह्नित किया जाएगा। संबंधित ERO द्वारा ऐसे मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाएगा। BLO द्वारा आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र एवं घोषणा पत्र प्राप्त किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त, सुनवाई एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपात्र पाए गए व्यक्तियों की नामवार सूची प्रपत्र-3 में सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की जाएगी। BLO द्वारा उपस्थित सदस्यों के समक्ष सूची पढ़कर सुनाई जाएगी, ताकि आम नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से सुझाव और आपत्तियां प्राप्त की जा सकें तथा उनके अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मतदान केंद्र क्षेत्र के ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिन्होंने अभी तक प्रपत्र-6 नहीं भरा है, उनसे प्रपत्र-6, घोषणा पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि चिह्नित मतदाताओं की सूची निर्धारित प्रारूप में तैयार कर 19 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे तक Google Sheet के माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं की संख्या शून्य है, वहां शून्य प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि इस विशेष कैंप का उद्देश्य कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के अवसर से वंचित न रहे तथा झारखंड की मतदाता सूची को अधिक समावेशी, त्रुटिरहित एवं सुदृढ़ बनाया जा सके।

इस मौके पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर सहित वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहें।

Found this article helpful? Share it:

Share: