रांची: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब अभी चर्चा में है। कांग्रेस के नेता काफी उत्साहित हैं । झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को सोनिया गांधी द्वारा लिखित संस्मरण “Belonging – A Journey of Love” की प्रति भेंट कर कहा कि यह पुस्तक केवल प्रेम की कहानी नहीं, बल्कि अपनापन, विश्वास, संवेदनशीलता और मानवीय रिश्तों की खूबसूरत अभिव्यक्ति है। यह हमें एहसास कराती है कि सच्चा प्रेम वहीं है, जहाँ सम्मान, स्वीकार्यता और एक-दूसरे के प्रति समर्पण हो।
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि इस देश में सोनिया गांधी को त्याग, समर्पण और प्रेम की प्रतिमूर्ति माना जाता है। लोग कई तरह की बातें कहेंगे, लेकिन जिस तरह से उन्होंने अपने विचारों और अनुभवों को खुलकर सामने रखा है, शायद ही किसी और में ऐसा करने की हिम्मत हो – चाहे बात निजी जीवन की हो, दिल के मामलों की हो या प्रेम की। इस किताब को केवल वही लोग समझ पाएंगे जो प्रेम, स्नेह और सद्भाव में विश्वास रखते हैं। अब तक जो बातें सामने आई हैं और हमने जो चर्चाएं सुनी हैं, उनसे लगता है कि इतना असाधारण कुछ लिख पाना हर किसी के बस की बात नहीं है। यही बात श्रीमती सोनिया गांधी को खास बनाती है। इस किताब को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं। लोगों को उनकी किताब पढ़नी चाहिए और उसे समझने की कोशिश करनी चाहिए।

