रांची: झारखंड में छात्रों का आंदोलन हर दिन एक गति के हिसाब से आगे बढ़ता जा रहा है। सरकार को CID जांच पर पूरा भरोसा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने CID की जांच की तारीफ़ करते हुए कहा है कि जांच दल दिन रात काम कर रहा है। आगे इसकी जांच रिपोर्ट का इंतजार है। आज गुरुजी शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार की आंख और कान खुले हुए हैं। सभी चीजों पर नज़र है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि छात्रों के विषय को लेकर सरकार गंभीर है। सरकार तमाम पहलुओं पर नज़र रख रही है। हम आपको बता दें कि झारखंड में JPSC – JSSC परीक्षाओं की CBI जांच की मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है। छात्र CBI जांच की मांग कर रहे हैं। साथ ही JPSC की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। झारखंड में चल रहे आंदोलन को अब प्रमुखता मिल रही है। सरकार सतर्क है। एक कमिटी छात्रों से मिलने जाएगी। इसमें मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल होंगे।
इधर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि जिस प्रकार के आरोप इन सरकारी एजेंसियों पर लग रहे हैं, उनसे तो सीबीआई जांच से ही सही रिजल्ट सामने आ पायेगा। सरकार को हठधर्मिता छोड़ देनी चाहिए। छात्रों की मांग को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्लास छोड़कर छात्र आंदोलन में आ रहे हैं।

