रांची: श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर दो दिवसीय कार्यक्रम संपन्न हो गया। शनिवार को एक बड़ा रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हुआ।राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति द्वारा अल्बर्ट एक्का चौक में आयोजित श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में सभी श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन आस्था के साथ जीवन-दर्शन और कर्म की प्रेरणा भी है। उनके जीवन में मित्रता, करुणा तथा अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने का साहस दिखाई देता है। उनका संदेश हमें सिखाता है कि परिस्थितियाँ कैसी भी हों, विवेक, धैर्य और साहस का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। श्रीमद्भगवद्गीता का कर्मयोग का संदेश हमें पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्य का पालन करने की प्रेरणा देता है।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि दही-हांडी प्रतियोगिता भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी उमंग, उत्साह और सामूहिकता की भावना को अभिव्यक्त करती है। मटकी तक पहुँचने के लिए पूरी टीम के विश्वास, सहयोग, संतुलन और तालमेल की आवश्यकता होती है।
यही इस आयोजन का सुंदर संदेश है—मिलकर आगे बढ़ना। उन्होंने कहा कि युवाओं में ऊर्जा, प्रतिभा और उत्साह की कोई कमी नहीं है। खेल, संस्कृति और ऐसे सामुदायिक आयोजन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग एवं आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करते हैं। सशक्त युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की आधारशिला हैं।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आगे कहा कि इस पावन अवसर पर सभी भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सत्य, कर्तव्य, प्रेम, सद्भाव और सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लें तथा समाज और राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान दें। उक्त अवसर पर उन्होंने दही-हांडी प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में अनेक लोग शामिल हुए।

