
रांची में भगवान जगन्नाथ की पावन घुरती रथ यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा मौसीबाड़ी से अपने मुख्य मंदिर की ओर भव्य रथ यात्रा के साथ प्रस्थान करेंगे। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन राजधानी के सबसे बड़े आस्था पर्वों में गिना जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। प्रशासन के अनुसार घुरती रथ यात्रा का शुभारंभ शाम 4 बजे होगा। इससे पहले मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।

दोपहर 2:50 बजे के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में दर्शन की व्यवस्था अस्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी, ताकि रथ यात्रा की तैयारियां सुचारु रूप से पूरी की जा सकें। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। बिरसा चौक से धुर्वा तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। वहीं पुरानी विधानसभा से मेला परिसर तक दोपहिया वाहनों का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। इससे यात्रा मार्ग पर भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। हालांकि धुर्वा से चांदनी चौक होते हुए बिरसा चौक तक सामान्य वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। इसी तरह बिरसा चौक से धुर्वा जाने वाले वाहन भी चांदनी चौक मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित रूट का पालन करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें। रांची की घुरती रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

