रांची: झारखंड में छात्र आंदोलन कर रहे हैं। JPSC और JSSC में कथित रूप से नियुक्ति घोटाला को लेकर आंदोलन पिछले 24 दिनों से चल रहा है। छात्रों के मुद्दे को भाजपा समर्थन दे रही है। आज झारखंड भाजपा का एक डेलिगेशन लोक भवन पहुंच कर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिला।
इस डेलिगेशन में झारखंड भाजपा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल थे।भाजपा नेताओं ने इस दौरान राज्यपाल से छात्र आंदोलन से उपजे हालात सहित प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। भाजपा नेताओं ने कहा कि राज्य भर के छात्र पिछले 24 दिनों से रांची में न्याय की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
आदित्य प्रसाद साहू ने कहा कि कई छात्र आमरण अनशन के कारण गंभीर अवस्था में अस्पताल में इलाजरत भी हैं लेकिन सरकार इनकी मांगों को लगातार अनसुना कर रही है। सरकार वार्ता के नाम पर छात्रों को गुमराह कर रही है। भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर इस दिशा में ठोस कदम उठाने का आग्रह किया है। ताकि छात्रों की जायज मांगों पर सरकार तत्काल विचार कर उसका कोई ठोस समाधान निकाले। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आश्वासन दिया कि तमाम परिस्थितियों पर उनकी पैनी नजर है। सरकार को निर्देशित किया जा रहा है।

