राँची: यह अच्छी ख़बर है। छठ महापर्व सम्पन्न हो गया है।।लोकआस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन मौके पर श्री नीम करौली बाबा धाम ट्रस्ट, झारखंड द्वारा राजभवन के निकट स्थित हटनिया तालाब, राँची में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच लगभग 2,100 श्री हनुमान चालीसा की प्रतियों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले लगभग 50 गणमान्य महानुभावों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

यह कार्यक्रम रविवार को छठ महापर्व के प्रथम अर्घ्य तथा सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य के अवसर पर आयोजित किया गया। दोनों दिनों में बड़ी संख्या में छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। ट्रस्ट की ओर से स्थापित विशेष कैनोपी के माध्यम से श्रद्धालुओं को ससम्मान हनुमान चालीसा भेंट की गई।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड के माननीय राज्यपाल महोदय की छठ व्रतियों के बीच गरिमामयी उपस्थिति रही। इस पावन अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा माननीय राज्यपाल महोदय को श्री हनुमान चालीसा सादर भेंट की गई। साथ ही राँची के माननीय उपायुक्त को भी हनुमान चालीसा भेंट कर सम्मान प्रकट किया गया।
इस अवसर पर माननीय राज्यसभा सांसद श्री आदित्य साहू, माननीया राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री श्री अमर कुमार बाउरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उपस्थित अतिथियों एवं श्रद्धालुओं को संस्था के उद्देश्यों और भावी कार्ययोजनाओं से विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
ट्रस्ट का प्रमुख संकल्प पतरातू में श्री हनुमान जी एवं परम पूज्य बाबा नीम करौली के भव्य मंदिर का निर्माण करना है। इसके साथ ही भविष्य में वृद्धाश्रम, अनाथालय तथा अन्य जनकल्याणकारी संस्थाओं की स्थापना कर सेवा, समर्पण एवं मानवता के कार्यों को विस्तार देने की योजना है।
ट्रस्ट का मानना है कि धार्मिक आस्था का वास्तविक स्वरूप मानव सेवा, परोपकार, सामाजिक सद्भाव एवं जरूरतमंदों की सहायता में निहित है। बाबा नीम करौली के सेवा एवं करुणा के संदेश तथा श्री हनुमान जी की भक्ति से प्रेरित होकर ट्रस्ट धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के मनीष कुमार,अध्यक्ष, बिश्वजीत पॉल, उपाध्यक्ष, महेंद्र सिंह, सचिव, राजेश कुमार गुप्ता, संयुक्त सचिव, आनंद कुमार, कोषाध्यक्ष, अविनाश कुमार मिश्रा, सह-कोषाध्यक्ष, दीपेश कुमार निराला, प्रवक्ता, धीरेंद्र मिश्रा, सोशल मीडिया प्रभारी, कार्यकारिणी सदस्य आनंद कुमार चितलांगिया, अभय कुमार तिवारी, आलोक कुमार राय, जयंत प्रसाद साहू, राकेश नारायण, अश्विनी कुमार, अभय कुमार एवं संजू कुमार सहित अन्य सदस्यों की उपस्थिती रही।

