रांची : छात्र आंदोलन को लेकर सत्ता पक्ष लगातार बचाव की मुद्रा में रहा। जंतर मंतर में जिस प्रकार से आन्दोलन चल रहा था, उसका समर्थन झारखंड में सत्ता में शामिल घटक दल खूब किए। जब झारखंड में छात्रों ने JPSC और JSSC में कथित रूप से धांधली को लेकर आवाज़ उठाई तो JMM, कांग्रेस और राजद सभी डिफेंसिव मोड में आ गए। अब चूंकि हेमंत सोरेन सरकार ने आंदोलन खत्म कराकर राहत की सांस ली है तो सत्ता पक्ष के लोगों का भी चेहरा खिल गया।
कांग्रेस नेता विनय सिन्हा दीपू भी खुशी जता रहे हैं। उनका कहना है कि आंदोलन का सुखद अंत लोकतांत्रिक संवाद की जीत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का निर्णय और राहुल गांधी की सोच युवाओं के हित में रही है।कांग्रेस नेता एव झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बिनय सिन्हा दीपू ने छात्र आंदोलन के शांतिपूर्ण समाधान और आंदोलन समाप्त होने के आधिकारिक ऐलान का पुरजोर स्वागत किया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को इस ऐतिहासिक और संवेदनशील फैसले के लिए विशेष बधाई दी है।बयान जारी करते हुए उन्होंने कहा, “हमारे शीर्ष नेता राहुल गांधी जी हमेशा से मानते आए हैं कि युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता, बल्कि उनकी चिंताओं को संवेदनशीलता से सुनकर हल किया जाना चाहिए। राहुल गांधी के इसी विज़न को धरातल पर उतारते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिस संवेदनशीलता, तत्परता और खुले मन से छात्रों की बात सुनी, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उनकी दूरदर्शिता और छात्र-हितैषी निर्णय के लिए हार्दिक बधाई दी है।सरकार ने जिस सकारात्मक रुख के साथ छात्रों की जायज़ मांगों पर संज्ञान लिया और युवाओं ने जिस धैर्य का परिचय दिया, वह पूरे देश के लिए एक मिसाल है। कांग्रेस और गठबंधन सरकार हमेशा युवाओं के रोज़गार, शिक्षा और सुनहरे भविष्य के अधिकारों के साथ मजबूती से खड़ी है और आगे भी उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगी।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू का भी प्रयास सराहनीय रहा है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस के नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयास की तारीफ की है।

