पटना : यह महत्वपूर्ण समाचार है।लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से पटना स्थित उनके आवास पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने मुलाकात की। इस दौरान झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, पार्टी संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीतियों एवं विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श हुआ।
इस मुलाकात का सबसे महत्वपूर्ण पहलू चतरा जिले में औद्योगिक विकास, खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने का विषय रहा।
विधायक जनार्दन पासवान ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के समक्ष चतरा जिले की भौगोलिक परिस्थितियों, कृषि संभावनाओं, स्थानीय संसाधनों और रोजगार की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की स्थापना का विषय प्रमुखता से रखा।
चर्चा के प्रमुख प्रस्ताव एवं संभावित औद्योगिक परियोजनाएं इस प्रकार हैं—
1. डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट (दुग्ध प्रसंस्करण उद्योग): चतरा में आधुनिक डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना, जहां दूध से पनीर, घी, मक्खन, दही, आइसक्रीम एवं मिल्क पाउडर जैसे उत्पादों का निर्माण हो सके। इससे पशुपालक किसानों को दूध का बेहतर बाजार मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
2. आधुनिक कोल्ड स्टोरेज एवं वेयरहाउस: केला, लीची, टमाटर, प्याज सहित अन्य फल-सब्जियों एवं कृषि उत्पादों को सुरक्षित रखने के लिए आधुनिक कोल्ड स्टोरेज चेन और वेयरहाउस स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इससे किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने, उचित समय पर बाजार में बेचने और फसल की बर्बादी कम करने में मदद मिलेगी।
3. फूड टेस्टिंग लैब (खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला): खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं सुरक्षा की जांच के लिए चतरा में आधुनिक फूड टेस्टिंग लैब स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। इससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को तकनीकी सहयोग मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर कुशल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर विकसित होंगे।
4. फूड इरेडिएशन यूनिट (खाद्य विकिरण इकाई): कृषि एवं खाद्य उत्पादों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने, कीटाणुओं और कीटों के नियंत्रण तथा खाद्य पदार्थों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आधुनिक फूड इरेडिएशन यूनिट स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
विधायक जनार्दन पासवान ने इन परियोजनाओं के लिए खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उपलब्ध योजनाओं, परियोजनाओं की स्वीकृति, तकनीकी सहयोग, वित्तीय सहायता एवं सब्सिडी की संभावनाओं पर विशेष ध्यान आकृष्ट कराया।
उन्होंने कहा कि चतरा में उद्योगों की स्थापना केवल आर्थिक विकास का विषय नहीं, बल्कि यहां की युवा पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण सवाल है। यदि जिले में खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित उद्योग स्थापित होते हैं, तो किसानों, पशुपालकों, छोटे उद्यमियों और बेरोजगार युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में होने वाले पलायन को कम करने में भी मदद मिलेगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान जी के साथ हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात में चतरा को औद्योगिक पहचान दिलाने, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
विधायक जनार्दन पासवान का संकल्प है कि चतरा के किसानों की मेहनत को उद्योगों से जोड़ा जाए, युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े और चतरा विकास, उद्योग एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करे।चतरा में उद्योग आएंगे, युवाओं को रोजगार मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी—इसी लक्ष्य के साथ विकास की पहल निरंतर जारी रहेगी।

