PostNxt - Breaking News
Advertisement

रांची में पुलिस कस्टडी से फरार हुआ चोरी का आरोपी, थाने के बाथरूम के वेंटिलेटर से हुआ फरार

@karishma

@karishma

Aug 01, 2026 · 1:14 PM
Share:
रांची में पुलिस कस्टडी से फरार हुआ चोरी का आरोपी, थाने के बाथरूम के वेंटिलेटर से हुआ फरार
Advertisement

रांची के खेलगांव थाना से पुलिस कस्टडी में बंद एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। चोरी और साजिश के आरोप में गिरफ्तार 21 वर्षीय मो. असफाक अंसारी उर्फ मो. असफाक पुलिस की निगरानी के बावजूद थाने के बाथरूम के वेंटिलेटर से भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना 31 जुलाई को दोपहर करीब 1:25 बजे खेलगांव थाना परिसर में हुई। आरोपी मूल रूप से नामकुम के मौलाना आजाद कॉलोनी का रहने वाला है और फिलहाल गाड़ीगांव में किराये के मकान में रह रहा था। उसे चोरी और आपराधिक साजिश से जुड़े मामले में गिरफ्तार कर थाने की हाजत में रखा गया था।

बताया गया कि ड्यूटी पर तैनात आरक्षी नीलकंठ कुमार ओहदार के अनुसार आरोपी लगातार बाथरूम जाने की मांग कर रहा था। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे हाजत से निकालकर थाना परिसर के बाथरूम तक लेकर गए। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो पुलिसकर्मी को शक हुआ।

आरक्षी ने दरवाजा खोलने की कोशिश की। जब दरवाजा धक्का देकर खोला गया, तो आरोपी बाथरूम के अंदर मौजूद नहीं था। जांच में पता चला कि वह बाथरूम के वेंटिलेटर के रास्ते बाहर निकलकर फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को सक्रिय किया गया है। साथ ही, पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने की घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

Found this article helpful? Share it:

Share: