PostNxt - Breaking News
Advertisement

झारखंड में अंतिम सांस ले रही नक्सली समस्या को बड़ा झटका, जानिए कितने हुए गिरफ्तार

@karishma

@karishma

Aug 06, 2026 · 4:13 PM
Share:
झारखंड में अंतिम सांस ले रही नक्सली समस्या को बड़ा झटका, जानिए कितने हुए गिरफ्तार
Advertisement

 

सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि ये सभी किसी बड़ी आपराधिक और नक्सली घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर उनकी साजिश विफल कर दी गई।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद झारखंड पुलिस, कोबरा-203, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार को लोडेड AK-47 और वॉकी-टॉकी के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में क्षेत्रीय कमेटी सदस्य मदन महतो चरण और मीना पहाड़िया को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार माओवादियों की निशानदेही पर पुलिस ने दलमा पहाड़ क्षेत्र से छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की। बरामद सामान में एक AK-47 राइफल, एक इंसास राइफल, एक 9 एमएम पिस्टल, कुल 403 जिंदा कारतूस, AK-47 की दो मैगजीन, कोडेक्स वायर (विस्फोटक सामग्री), वॉकी-टॉकी, पुलिस की बेल्ट, टॉर्च और एक मोटरसाइकिल शामिल है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले दलमा क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं और हाल के दिनों में पुलिस दबाव बढ़ने के कारण संगठन के निर्देश पर इलाके में घूम रहे थे। पुलिस का कहना है कि इनका संबंध दलमा क्षेत्र में हुई कई नक्सली घटनाओं और पुलिस पर हमलों से भी रहा है। फिलहाल तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि संगठन के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।

इस पूरे अभियान में सरायकेला-खरसावां पुलिस के साथ कोबरा, सीआरपीएफ और एसएसबी के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि यह ऑपरेशन नक्सल विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता है और इससे क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

Found this article helpful? Share it:

Share: