रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए हटिया रेलवे स्टेशन पर 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में जीआरपी हटिया ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 की सुबह आरपीएफ पोस्ट मुरी की एस्कॉर्ट टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन कुमार ने ट्रेन के एस-4 कोच के शौचालय के पास दो संदिग्ध लावारिस बैग पड़े होने की सूचना आरपीएफ पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम, आरपीएफ रांची को दी। ट्रेन के हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कोच की गहन तलाशी ली।
जांच के दौरान आसपास मौजूद यात्रियों से बैगों के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति उनका दावा करने के लिए सामने नहीं आया। इसके बाद दोनों बैगों को सुरक्षित रूप से प्लेटफॉर्म पर उतारकर सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उनकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान प्रत्येक बैग से एक-एक पैकेट बरामद हुआ। डीडी किट से जांच में दोनों पैकेटों में गांजा होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर दोनों पैकेटों का वजन 8-8 किलोग्राम पाया गया। इस तरह कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने जब्त मादक पदार्थ को मौके पर ही सील कर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद जब्ती सूची और लिखित शिकायत के साथ पूरे मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी हटिया को सौंप दिया गया।
इस मामले में जीआरपी हटिया ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(b)(ii)(B) और 29 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि ऑपरेशन ‘नारकोस’ के तहत रेलवे मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।


