रांची: झारखंड सरकार ने मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को लाभ देने के लिए नई शर्तें लागू की हैं। अब इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं के पास राशन कार्ड और आधार कार्ड दोनों होना अनिवार्य होगा।
यह कदम योजना में फर्जीवाड़े को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। राशन कार्ड का सत्यापन अब टेक्नोलॉजी के माध्यम से किया जाएगा, जिसे महिला, बाल विकास विभाग और खाद्य आपूर्ति विभाग के सहयोग से पूरा किया जाएगा। यदि किसी महिला का नाम राशन कार्ड में नहीं है, तो उनके पिता या पति का राशन कार्ड भी मान्य होगा।
इस सत्यापन प्रक्रिया में खाद्य आपूर्ति विभाग के राशन कार्ड पोर्टल, एप्लीकेशन प्रोग्राम इंटरफेस, नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI), नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC), और पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (PFMS) का इस्तेमाल किया जाएगा। इस तरह की व्यवस्था से योजना के लाभार्थियों की पहचान सही तरीके से की जाएगी और फर्जी लाभार्थियों को बाहर रखा जाएगा।













