रांची : झारखंड में भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है. संगठन पर्व का मतलब सदस्यता अभियान चलाना. इस अभियान के तहत झारखंड में 60 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है. पर लक्ष्य को पूरा करने में अधिकांश लोग फिसल रहे हैं. इसलिए समय की मोहलत दी गई है. यह काम चल रहा है.
इधर संगठन चुनाव को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी गई है. मंडल स्तर पर चुनाव कराने का निर्णय लिया गया है. एक दिवसीय प्रवास पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल और लोकसभा सदस्य संजय जायसवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव के कारण झारखंड में सदस्यता अभियान विलंब से शुरू हुआ. इस कारण सारे कार्यक्रम विलंब से चल रहे हैं. 
सुनील बंसल ने कहा कि झारखंड में मंडल स्तर पर चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है. होली तक यह काम किया जाएगा. मंडल के बाद जिला इकाई का चुनाव होगा. इसलिए यह साफ दिख रहा है कि झारखंड में भाजपा को नया अध्यक्ष मार्च के अंत तक मिल जाएगा.दिसंबर में बाबूलाल मरांडी ने कहा था कि फरवरी 2025 तक पार्टी को उनकी जगह नया अध्यक्ष मिल जाएगा.
राज्य चुनाव अधिकारी प्रदीप वर्मा ने कहा कि थोड़ा विलंब हुआ है. सदस्यता अभियान चल रहा है. चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि झारखंड में संगठन चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा.













