
नई दिल्ली: झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारी अमित खरे को एक बार फिर से सेवा विस्तार दिया गया है. कैबिनेट की केंद्रीय नियुक्ति समिति ने अमित खरे को सेवा विस्तार दिया है.अमित खरे प्रधानमंत्री के सलाहकार हैं.
प्रतिभावान आईएएस अधिकारी अमित खरे 1985 बैच के झारखंड कैडर के अधिकारी हैं. रघुवर सरकार में दिल्ली से झारखंड लौटे थे यानी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से झारखंड कैडर में वापस आए. उनकी पत्नी निधि खरे भी आईएएस अधिकारी हैं और फिलहाल केंद्र में प्रतिनियुक्त हैं. झारखंड में उन्होंने जहां भी काम किया एक उदाहरण पेश किया है. हाल में जो उनका झारखंड में कार्यकाल रहा, उस दौरान उन्होंने सरकार के वित्तीय प्रबंधन में अनुशासन लाने का पूरा प्रयास किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके प्रतिभा को पहचानते हुए नई शिक्षा नीति 2020 को बनाने का बड़ा दायित्व दिया. सेवानिवृत्ति के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अपना सलाहकार नियुक्त कर लिया. विस्तारित सेवा की अवधि 12 अक्टूबर को समाप्त हो रही थी. इसलिए उनकी सेवा को एक बार फिर से विस्तार दिया गया है. कैबिनेट की नियुक्ति संबंधी समिति ने सोमवार को इस पर मोहर लगा दी.
ईमानदारी और कर्तव्य निष्ठा के लिए मशहूर अमित खरे पर प्रधानमंत्री का बड़ा विश्वास है. इसलिए उन्हें वे अपनी टीम में रखे हुए हैं. वर्तमान सेवा विस्तार को टर्मिनस आधार पर दिया गया है. यह झारखंड के लिए गर्व की बात है कि यहां के एक अधिकारी प्रधानमंत्री की कोर टीम में शामिल हैं.(DESK)













