रांची, 15 अप्रैल 2025: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति में मंगलवार को राज भवन, रांची में ‘हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस समारोह’ का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस विशेष अवसर पर झारखंड में निवासरत हिमाचल प्रदेश के नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने सभी को हिमाचल प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि हिमाचल प्रदेश केवल “देवभूमि” ही नहीं, बल्कि वीरता, सेवा और राष्ट्रनिष्ठा की प्रतीक भूमि भी है। उन्होंने हिमाचल के लोगों की सरलता, कर्मठता और समर्पण भाव की सराहना करते हुए कहा कि राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, हरित ऊर्जा और जैविक खेती जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल को “हरित राज्य” और “जैविक कृषि केंद्र” के रूप में विकसित करने के प्रयास सतत रूप से किए जा रहे हैं। यह पहल पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास की दिशा में प्रेरणादायक कदम है।
उन्होंने इस अवसर पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पहल की भी चर्चा की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक समरसता को मजबूती प्रदान करते हैं।
इस कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने बताया कि राज भवन द्वारा विभिन्न राज्यों का स्थापना दिवस ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ अभियान के अंतर्गत मनाया जाता है, जिससे राष्ट्रीय एकता और साझा सांस्कृतिक विरासत को बल मिलता है।
उन्होंने हिमाचल को प्राकृतिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य बताते हुए उसे पर्यटकों के लिए अत्यंत आकर्षक स्थल बताया।













