*रांची : यह एक बड़ी ख़बर है। एक जंगली हाथी कुएं में गिर गया है।रांची जिले के बुंडू वन प्रक्षेत्र के तहत सोनाहातू थाना क्षेत्र के सारयाद गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक जंगली हाथी अचानक खुले कुएं में गिर गया। बड़ी संख्या में लोग हाथी को देखने के लिए इकठ्ठा हो गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हाथी जंगल से भटककर भोजन की तलाश में गांव की ओर आ गया था। इसी दौरान वह एक खुले कुएं में जा गिरा।
इसकी जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। विभाग का कहना है कि हाथी फिलहाल सुरक्षित है और उस पर लगातार नजर रखी जा रही है।
-जेसीबी और रस्सियों से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
हाथी को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन, मजबूत रस्सियों और अन्य जरूरी उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। टीम इस बात का खास ध्यान रख रही है कि हाथी को किसी तरह का नुकसान ना हो। कुएं के आसपास की मिट्टी काटकर एक रास्ता बनाने की भी योजना पर काम चल रहा है, ताकि हाथी खुद बाहर निकल सके।
इस बीच ग्रामीणों ने कुएं को काटने पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक वे कुएं को नुकसान नहीं होने देंगे। इसको लेकर विवाद चल रहा है। स्थानीय पुलिस यहां पहुंच कर भीड़ को नियंत्रित कर रही है।
#Elephantfellinwell #Sonahatu #Forestdepartment














