नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है.इस सत्र के दौरान अगले वित्तीय वर्ष यानी 2025-26 के लिए आम बजट पेश किया जाएगा.बजट सत्र हर साल दो बार यानी दो चरण में होता है.इसका पहला चरण आज से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगा.दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होगा.संसद के बजट सत्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संबोधित करेंगी.
लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को राष्ट्रपति के द्वारा संबोधित किए जाने की परंपरा है.राष्ट्रपति केंद्र सरकार के दृष्टि पत्र को सदन में रखेंगी.फिर उसके बाद राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सदन में चर्चा होगी.1 फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सदन में आम बजट पेश करेंगी.आम बजट पर सभी वर्ग की नजर है.वेतन भोगी वर्ग के अलावा व्यवसायी वर्ग को भी बहुत उम्मीद है.कैसा होगा बजट इसको लेकर यह संकेत मिल रहे हैं कि मध्यम वर्ग यानी वेतन भोगी वर्ग के हितों का इस बार ख्याल रखा जा सकता है.टैक्स स्लैब में राहत दी जा सकती है. संसद का सत्र सुचारू रूप से चल पाए इसके लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सर्व दलीय बैठक बुलाई.इस बजट सत्र में कई मुद्दे उठ सकते हैं.वर्तमान में महाकुंभ की भगदड़ में हुई मौत को विपक्ष जोर-जोर से उठा सकता है और सरकार से जवाब की मांग कर सकता है.इसके अलावा कई अन्य विषय पर विपक्ष सरकार को घेरने का प्रयास करेगा.वहीं सत्ता पक्ष के लोग भी विपक्ष को करारा जवाब देने के लिए कमर कसकर तैयार हैं.
भारतीय जनता पार्टी के झारखंड से सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर सदन में विचार करना चाहिए.इसके लिए विपक्ष को बहुत ही सकारात्मक होना होगा.राजनीतिक विरोध के लिए विरोध कर सदन का महत्वपूर्ण समय बर्बाद नहीं होना चाहिए.उन्होंने आगे कहा कि हम जनप्रतिनिधि देश की जनता के प्रति प्रतिबद्ध हैं.हमें ऐसे उदाहरण सदन में पेश करने चाहिए जिससे जनता का विश्वास हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में और बढ़े. जनता से जुड़े विषय पर सरकार निश्चित रूप से संवेदनशील रहेगी.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास कर रहा है.














