रांची: झारखंड में यह क्या हो रहा है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि रांची से सटे बुंडू, सिल्ली और बुड़मू इलाकों से प्रतिदिन लगभग 250 से 300 ट्रक बालू का अवैध खनन और परिवहन खुलेआम किया जा रहा है। दबंगई से यह धंधा हो रहा है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा है – मुझे जानकारी मिली है कि बीते सप्ताह रांची ज़िले के एक थाना प्रभारी ने कुछ अवैध बालू लदे ट्रकों को जब्त किया था। इस दौरान बालू माफिया ने उनसे हाथापाई तक की। बाद में सन्नी नामक एक दलाल ट्रकों को छुड़ाने थाने पहुँचा, जहाँ उसकी दारोग़ा से तीखी बहस हुई। लेकिन ‘ऊपर’ के दबाव में न केवल सभी ट्रकों को छोड़ना पड़ा, बल्कि किसी भी तरह की केस-मुकदमे की कार्रवाई तक नहीं होने दी गई। इसके विपरीत, ऊपर के दबाव में संबंधित दारोग़ा को अन्य कारणों का हवाला देकर निलंबित कर थाने से हटा दिया गया।
बाबूलाल मरांडी लगातार राज्य सरकार पर माफिया तत्व की गतिविधि का आरोप लगाते रहे हैं। झारखंड में ना सिर्फ संथाल परगना बल्कि दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में भी यह धंधा कथित रूप से चल रहा है। बाबूलाल मरांडी का आरोप है कि सत्ता के संरक्षण में यह सब चल रहा है। उधर झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को सिर्फ आरोप लगाना आता है । उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून का राज है।














