न्यूज डेस्क: यह एक बड़ी ख़बर है।हजारीबाग लोकनायक जयप्रकाश नारायण सेंट्रल जेल से तीन कैदी लापता हो गए हैं। जेल के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा रहती है। बावजूद इसके यह घटना हो गई है। ये तीनों कैदी धनबाद के बताए जा रहे हैं।इसकी पुष्टि जेल अधीक्षक चंद्रशेखर सुमन ने की है। ये किस मामले में सजा काट रहे थे या फिर विचाराधीन थे, इसकी जानकारी जेल प्रशासन की ओर से नहीं दी गई है।

इस घटना ने जिले के प्रशासनिक तंत्र को चौंका दिया है। यह जेल हाई सिक्योरिटी के लिए जाना जाता है।जहां खूंखार कैदी और नक्सलियों को रखा जाता है।इसके साथ ही कई विचाराधीन हाई प्रोफाइल कैदी भी जेल में बंद हैं। ऐसे में तीन कैदी के लापता होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठना शुरू हो चुका है।
हजारीबाग सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था को हाल के दिनों में और भी अधिक मजबूत किया गया था।सुरक्षा के आलोक में जेल आईजी ने पिछले दिनों कार्रवाई करते हुए 12 सुरक्षा कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।उसके बाद से ही सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई थी।लेकिन इस घटना ने फिर एक बार हजारीबाग जेल प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालिया निशान खड़ा हो गया है। धनबाद में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। छापेमारी चल रही है। हजारीबाग जिला की सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।














