रांची – झारखंड में भाजपा के खिलाफ गठबंधन ने उम्मीदवार उतारने शुरू कर दिए हैं.सबसे पहले कांग्रेस ने यह काम किया है.दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सीईसी की बैठक में झारखंड के विभिन्न लोकसभा क्षेत्र के संभावित दावेदारों के नाम पर चर्चा हुई.इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद थे.झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के अलावा विधायक दल के नेता आलमगीर आलम भी बैठक में हिस्सा लिए.
बैठक की समाप्ति के बाद पार्टी ने कुछ ही घंटे में तीन लोकसभा सीट पर प्रत्याशी के नाम को फाइनल कर दिया.खूंटी से पिछली बार की तरह कालीचरण मुंडा को प्रत्याशी बनाया गया है .लोहरदगा से सुखदेव भगत और हजारीबाग से जयप्रकाश भाई पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है.जयप्रकाश भाई पटेल हाल ही में भाजपा को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे.रांची लोकसभा सीट पर भी चर्चा हुई लेकिन इस पर अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है.
खूंटी लोकसभा सीट पर कालीचरण मुंडा एक बार फिर भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के सामने चुनावी मैदान में खड़ा हो गए हैं.पिछली बार बहुत कम मतों से कालीचरण मुंडा हारे थे.राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि खूंटी लोकसभा सीट पर मुकाबला रोचक होगा.लोहरदगा सीट पर सुखदेव भगत के आने से समीर उरांव के समक्ष भी चुनौती होगी.हजारीबाग सीट पर जयप्रकाश भाई पटेल के खड़ा होने से भाजपा को बहुत अधिक चुनौती शायद नहीं हो. रांची लोकसभा सीट से सुबोध कंसाई के नाम की चर्चा बहुत तेज थी.लेकिन इस बीच भाजपा के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी के कांग्रेस नेतृत्व से मिलने से चर्चा बदल गयी है. इस सीट पर अभी निर्णय रोक दिया गया है.
© 2022 Postnxt. All Rights Reserved.











